JANTA KI PUKAR

बदायूं में भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए दुर्विजय शाक्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दुर्विजय ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष हैं और मूलरूप से दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव ब्राह्मपुर के रहने वाले हैं। इससे पहले यहां से बीजेपी की डॉ. संघमित्रा मौर्य सांसद थीं, लेकिन उनका टिकट कट चुका है।

बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी आशीश शाक्य ने बताया कि दुर्विजय का जन्म 12 फरवरी 1977 को हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय वैध रामलाल शाक्य थे। उनकी मां का नाम स्वर्गीय रामकुंवरी है। उनका निधन पिछले साल हुआ था। दुर्विजय पांच भाई और तीन बहन हैं। पांच भाइयों में वह सबसे छोटे हैं। उनके भाई देवेंद्र शाक्य गांव ब्रह्मपुर के कई साल से प्रधान हैं।

प्राथमिक स्कूल में ली प्रारंभिक शिक्षा
दुर्विजय ने पांचवी तक की शिक्षा गांव के बेसिक स्कूल में ली। जबकि इसके बाद हायर एजूकेशन के लिए बरेली चले गये। फिर उन्होंने उच्चस्तरीय शिक्षा बीएससी, बीएड, एमए (पोलिटिकल साइंस), लॉ की डिग्री, पीजी डिप्लोमा मॉस कैमन्यूकेशन से प्राप्त किया। वह बरेली के विशप मंडल इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। उन्होंने अंतर्जातीय विवाह पंजाबी समुदाय की बरेली निवासी मोना भाटिया से किया है। मोना भाटिया उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।

ये है राजनीतिक इतिहास
दुर्विजय

साल 1994 में आरएसएस ज्वाइन किए थे। उन्होंने सन 1995 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर राजनीति और सामाजिक जीवन की शुरुआत की। वे सन 1995 में सबसे पहले बरेली कॉलेज इकाई के सहमंत्री बने। सन 1997 में बरेली में विद्यार्थी परिषद में महानगर महामंत्री, महानगर उपाध्यक्ष, विभाग संयोजक और प्रदेश सह मंत्री भी रहे। साल 2001 में शाहजहांपुर में विद्यार्थी परिषद के विस्तारक के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने सन 2002 से विद्यार्थी परिषद में पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में मुरादाबाद- रामपुर विभाग के संगठन मंत्री का दायित्व संभाला। सन 2002 में राम मंदिर आंदोलन के शिला पूजन कार्यक्रम के दौरान गिरफ्तार हुए और 14 दिन जेल में रहे।

गठबंधन के कारण नहीं लड़े चुनाव
दुर्विजय साल 2007 में उसहैत विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव लड़ने के लिए कहा और वह तैयारी के लिए क्षेत्र में आए उसके बाद उसहैत विधानसभा सीट गठबंधन में चले जाने के कारण चुनाव नहीं लड़े। सन 2007 में भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष बने। उन्होंने यूथ कार्यकर्ताओं को भाजपा युवा मोर्चा से जोड़कर टीम तैयार की। सन 2012 में प्रदेश सह संयोजक पिछड़ा प्रकोष्ठ भाजपा बने। सन 2014 में पांचाल क्षेत्र के उपाध्यक्ष बने। सन 2016 में ब्रज क्षेत्र के महामंत्री और सन 2020 उपाध्यक्ष बने। जबकि मार्च 2023 से भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे हैं

फिर से खिलेगा कमल
बीजेपी जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा भारतीय जनता पार्टी ने अपने युवा और तेजतर्रार, अच्छे संगठकर्ता, कुशल रणनीतिकार भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य को बदायूँ लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। जनकल्याणकारी नीतियों और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से 2024 में बदायूं में पुनः कमल खिलेगा।

By PAKHI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *